iWorld
नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली मराठी फिल्म ‘घरत गणपति’ हुई STAGE पर रिलीज, चंद दिनों में 17 लाख से भी ज़्यादा व्यूज़
नेशनल अवॉर्ड विजेता गीत ‘नवसाची गौरी माझी’ वाली मराठी फिल्म ‘घरत गणपति’ STAGE ऐप पर हुई रिलीज, चंद दिनों में 17 लाख से भी ज़्यादा व्यूज़
मुंबई, राष्ट्रीय पुरस्कार की चमक बटोरने वाली मराठी फिल्म ‘घरत गणपति’ अब देश के क्षेत्रीय भाषाओं वाले OTT प्लेटफार्म STAGE ऐप पर रिलीज हो चुकी है। हाल ही में एकता नगर, गुजरात में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में इस फिल्म के गीत ‘नवसाची गौरी माझी’ के लिए गायक अभय जोधपुरकर को सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का सम्मान मिला। दर्शक इस फिल्म को घर बैठे STAGE पर देख सकते हैं। फिलहाल यह फिल्म मराठी में उपलब्ध है, लेकिन आने वाले कुछ सप्ताह में यह हिन्दी, भोजपुरी, बंगाली, गुजराती, पंजाबी सहित अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध हो जाएगी।
बप्पा के स्वागत में छिपी परिवार की कहानी
कोंकण की खूबसूरत पृष्ठभूमि में बनी ‘घरत गणपति’ घरत परिवार की उस पुरानी परंपरा की कहानी है, जिसमें हर साल पुश्तैनी घर में गौरी-गणपति का स्वागत होता है। तीन पीढ़ियां एक छत के नीचे जुटती हैं, और त्योहार के बीच परंपरा व आधुनिकता की बहस, रिश्तों की खटास और अपनापन, सब कुछ सामने आता है। कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब परिवार का बेटा केतन अपनी दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड कृति को पहली बार गणपति उत्सव में घर लाता है।
STAGE के को-फाउंडर और चीफ कंटेंट ऑफिसर प्रवीण सिंघल ने कहा, STAGE परिवार के लिए गर्व की बात है की “‘घरत गणपति’ फ़िल्म को नेशनल अवॉर्ड मिला। यह फिल्म सिर्फ गणपति उत्सव की कहानी नहीं, बल्कि मराठी संस्कृति, परिवार और परंपरा की वो खुशबू है जो हर भारतीय घर से जुड़ती है। हमारा हमेशा से मानना रहा है कि अपनी बोली की कहानी जितनी लोकल होती है, उतनी ही ग्लोबल बनती है। ‘घरत गणपति’ इसी सोच का सबसे खूबसूरत उदाहरण है, और अब यह STAGE के जरिए दुनिया भर के मराठी दर्शकों तक पहुंचेगी।”
नेशनल अवॉर्ड ने बढ़ाया मान
फिल्म का गीत ‘नवसाची गौरी माझी’ रिलीज के समय से ही दर्शकों के दिल में बसा था। राष्ट्रीय पुरस्कार ने इस गीत और फिल्म, दोनों को देशभर में नई पहचान दी है। 26 जुलाई 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को समीक्षकों की सराहना के साथ बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी सफलता मिली थी।
दमदार कलाकारों की टोली
फिल्म का निर्देशन नवज्योत बांदिवडेकर ने किया है, जबकि कहानी आलोक सुतार और नवज्योत बांदिवडेकर ने लिखी है। पैनोरमा स्टूडियोज़ और नविग्न्स स्टूडियो की इस प्रस्तुति में निकिता दत्ता, भूषण प्रधान, अजिंक्य देव, अश्विनी भावे, संजय मोने, शुभांगी लाटकर, शुभांगी गोखले, डॉ. शरद भुताडिया और सुषमा देशपांडे अहम भूमिकाओं में हैं। यह निकिता दत्ता की पहली मराठी फिल्म भी है।
STAGE पर मराठी कहानियों का बढ़ता कारवां
STAGE मराठी पर ‘घरत गणपति’ का आना प्लेटफॉर्म के उस मिशन का हिस्सा है, जिसमें क्षेत्रीय भाषाओं की बेहतरीन कहानियों को उनकी अपनी बोली में दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाया जाता है। STAGE लगातार अपने दर्शकों के लिए बेहतरीन फिल्में और सीरीज़ जोड़ रहा है।




